पंजाब के बठिंडा में दो भाइयों के शव मिले है। मृतक भाइयों की पहचान रमन कुमार मित्तल (40) और अजय कुमार मित्तल (35) के रूप में हुई है। घटना स्थित जुझार सिंह नगर की है। रमन कुमार नगर सुधार ट्रस्ट में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। छोटे भाई अजय कुमार की शादी नहीं हुई थी और वह घर पर ही रहता था। माता-पिता की मृत्यु के बाद से अजय डिप्रेशन में रहने लगा था। डीएसपी सरबजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर जब पुलिस ने घर की जांच की, तो दोनों भाइयों के शव मिले। शवों से दुर्गंध आ रही थी, जिससे अनुमान है कि मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। क्षेत्रीय पार्षद के अनुसार, पिछले दो दिनों से घर में कोई हलचल नहीं थी। अजय के दोस्तों ने बताया कि बचपन में उसका स्वभाव बहुत अच्छा था और वह कभी किसी से नहीं लड़ता था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और मामले की जांच की जा रही है।


