बठिंडा में आज नशा तस्करों की दो अवैध इमारतों को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया गया। यह कार्रवाई पंजाब सरकार के ‘नशे के विरुद्ध युद्ध’ अभियान के तहत पुलिस ने धोबियाना बस्ती में की। कार्रवाई सीएम भगवंत सिंह मान के निर्देश पर जिला पुलिस प्रमुख अमनीत कौंडल के नेतृत्व में की गई। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि ध्वस्त की गई इमारतें नीतू और रमेश साहनी उर्फ रैम्बो की थीं। दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी समेत विभिन्न अपराधों में 16 मामले दर्ज हैं। कब्जाधारियों को कई बार नोटिस दिए गए। जगह खाली न करने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। पुलिस ने 1 मार्च 2025 से अब तक नशा तस्करी के 821 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में 1276 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 37 बड़े नशा तस्कर शामिल हैं। पुलिस ने 2023 तक नशा तस्करों की 10.5 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त की है। कार्रवाई उपायुक्त-सह-मजिस्ट्रेट के निर्देश पर की गई। सिविल और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।


