बठिंडा में नहर में एक युवक का शव मिला है। घटना सरहिंद नहर के बहमन दीवाना पुल के पास की है। सहारा मुख्यालय को सूचना मिलने पर लाइफ सेविंग ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य संदीप सिंह गिल और संदीप गोयल ने तुरंत थाना कैनाल पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मौजूदगी में संदीप गिल ने शव को नहर से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में शव करीब 10-12 घंटे पुराना पाया गया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड, एटीएम और पैन कार्ड से उसकी पहचान परस राम नगर की गली नंबर 35 के रहने वाले सुनील कुमार (24) के रूप में हुई। सहारा टीम ने मृतक के परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त करवाई। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया। थाना कैनाल के अधिकारी रघुबीर सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


