बसंत पंचमी से पहले बठिंडा पुलिस ने जानलेवा चाइना डोर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए-1 की टीम ने मेहना चौक की ढिल्लो मार्केट से एक व्यक्ति को भारी मात्रा में चाइना डोर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अनूपम सिंह के रूप में हुई है, जो हंस नगर का रहने वाला है और वर्तमान में नर सिंह कालोनी में रह रहा है। वह धोबी बाजार में एक चुन्नी स्टोर में काम करता है और अतिरिक्त आय के लिए चाइना डोर बेचने का धंधा करता था। सीआईए-1 के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम कई दिनों से आरोपी पर नजर रख रही थी। रविवार की देर रात जब वह किराए की दुकान से चाइना डोर की सप्लाई करने जा रहा था, तब उसे पकड़ा गया। आरोपी के पास से 148 गट्टू चाइना डोर बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी प्रति गट्टू 600-700 रुपए में बेचता था और अपने जान-पहचान वालों के माध्यम से पतंगबाजी के शौकीनों तक इसे पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है। यह कार्रवाई बसंत पंचमी के मद्देनजर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसमें सिविल कपड़ों में पुलिसकर्मी पतंग विक्रेताओं पर नजर रख रहे हैं।


