बठिंडा में सोमवार को युवक की हत्या करने वाले दंपती को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमनीत कौडल के निर्देश पर सीआईए स्टाफ-1 और थाना सदर बठिंडा की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने नामदेव सिंह उर्फ प्रदीप सिंह और उसकी पत्नी रमनदीप कौर उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और छेनी भी बरामद कर ली है। एसपीडी जसमीत सिंह ने बताया कि 23 अगस्त को शाम 4 बजे बहमन दीवाना के खेतों में एक ट्यूबवेल के पानी के टैंक में शव मिला था। मृतक की पहचान 19 वर्षीय गुरपाल सिंह उर्फ गौरव के रूप में हुई। वह कॉलोनिया, बहमन दीवाना का रहने वाला था। गला घोंटा और चाकू से मारा
पूछताछ में सामने आया कि मृतक गुरपाल सिंह आरोपी का पड़ोसी था। वह कुछ समय पहले एक हत्या के मामले में जमानत पर छूटा था। गुरपाल सिंह, आरोपी की पत्नी रमनदीप कौर के साथ अवैध संबंध बनाना चाहता था। नामदेव सिंह को इसकी जानकारी मिली तो उसने गुरपाल को अपने घर आने से मना किया। लेकिन गुरपाल जबरन उनके घर आता रहा और नामदेव को जान से मारने की धमकी देता था। 23 अगस्त को दोनों आरोपियों ने मिलकर योजना बनाई। वे बाइक पर गुरपाल को ले गए। फिर उसका गला घोंटा और चाकू से कई वार किए। हत्या के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।


