पंजाब के बठिंडा जिले में यूनियन के नाम पर गुंडागर्दी का एक गंभीर मामला सामने आया है। शाहकोट से रेत लेकर डबवाली और मलोट जा रहे दो टिप्परों को कुछ लोगों ने रोक लिया और ड्राइवरों के साथ मारपीट करते हुए टिप्परों से रेत खाली करवा दी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया पीड़ित शेर सिंह और स्वर्ण सिंह ने बताया कि हमलावरों ने रिवॉल्वर दिखाकर उन्हें धमकाया और मारपीट की। टिप्पर मालिक रंजन कुमार ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में यूनियनों को खत्म करने का दावा किया था, लेकिन यूनियन के नाम पर अभी भी गुंडागर्दी जारी है। पीड़ितों ने थर्मल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस थाना प्रमुख सुखविंदर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। टिप्पर मालिक और ड्राइवर न्याय की मांग कर रहे हैं और राज्य में दिनदहाड़े हो रही ऐसी घटनाओं पर सरकार से जवाब मांग रहे हैं। घटना पंजाब सरकार के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि सरकार ने यूनियन बाजी को खत्म करने का वादा किया था। इस तरह की घटनाएं व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं।


