पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम बठिंडा के बिल्डिंग इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह और आर्किटेक्ट हनी मुंजाल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नई कॉलोनी के नक्शे पास करने के लिए प्रति फाइल 30,000 रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे थे। फाइलों पर आपत्ति लगाने की धमकी विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार गांव बुर्ज महिमा के रहने वाले संदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह ने तीन फाइलों को पास करने के लिए कुल 80,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। उन्होंने धमकी दी थी कि रिश्वत नहीं देने पर फाइलों पर आपत्ति लगा दी जाएगी। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी शिकायत के बाद विजिलेंस की बठिंडा यूनिट ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आर्किटेक्ट को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद बिल्डिंग इंस्पेक्टर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस ब्यूरो थाना, बठिंडा रेंज में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, मामले की आगे की जांच जारी है।


