बठिंडा पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले हैं। इनके पास से 13 स्मार्ट फोन और 2 कार्ड स्वैप मशीनें बरामद की गई हैं। डीएसपी अमृतपाल सिंह भट्टी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर बठिंडा में विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में शहर के कई होटलों की भी जांच की गई, जहां से इन दोनों आरोपियों को होटल के कमरों से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान याहिया खान निवासी ज़ीरक, जिला नूहं, हरियाणा और जसवीर सिंह निवासी खैरथल, राजस्थान के रूप में हुई। ये दोनों पिछले तीन दिनों से बठिंडा के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। गिरोह के सरगना की तलाश पुलिस के अनुसार, ये आरोपी लोगों को ऑनलाइन पैसे का लालच देकर अपने खातों में पैसे डलवाते थे और कमीशन लेते थे। पिछले तीन दिनों में उनके खातों में करीब डेढ़ लाख रुपए आए हैं। जांच में पता चला है कि इस गिरोह का सरगना राजू उर्फ सरपंच है, जो एक ऐप चलाता है। उसका एक अज्ञात साथी भी है, जिनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड मिलने के बाद आगे की पूछताछ की जाएगी ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।


