बड़कीटांड में रात्रि चौपाल के माध्यम से फाइलेरिया व एमडीए जागरूकता

भास्कर न्यूज | गिरिडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेंगाबाद के अंतर्गत रैंडम साइट बड़कीटांड में फाइलेरिया उन्मूलन एवं आगामी एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) कार्यक्रम को लेकर शनिवार देर शाम को जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गांव के तीन अलग-अलग स्थानों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।जागरूकता अभियान का समन्वय एमटीएस संजीव कुमार के सहयोग से किया गया। पिरामल स्वास्थ्य टीम की ओर से सौरभ कुमार द्वारा पूर्व तैयारी, चर्चा एवं योजना बनाकर इस गतिविधि को प्रभावी ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एमपीडब्ल्यू गौतम दास, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रतिनिधि शुभम कुमार, मुखिया प्रतिनिधि दीपक यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों को सरल और सहज भाषा में फाइलेरिया रोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर रोग है, जो मच्छरों के काटने से फैलता है और समय पर उपचार न होने पर यह स्थायी विकलांगता का कारण बन सकता है। साथ ही इससे बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।एमडीए कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया कि अभियान के दौरान दी जाने वाली दवाओं का सेवन सभी पात्र व्यक्तियों द्वारा करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि फाइलेरिया को जड़ से समाप्त किया जा सके। समुदाय की सहभागिता से ही सफल बनाया जा सकता है। ग्रामीणों ने चौपाल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, अपनी जिज्ञासाएं रखीं और एमडीए कार्यक्रम में सहयोग का भरोसा जताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *