बड़वानी के पनवाड़ी मोहल्ले में नलों से आरहा गंदा पानी:सीवरलाइन लीक होने से पीने के पानी में मिक्स हो रहा सीवेज

बड़वानी शहर के पनवाड़ी मोहल्ले में सीवरलाइन लीक होने से हालात गंभीर बने हुए हैं। वार्ड क्रमांक 12 के दरगाह मैदान क्षेत्र में सीवेज का गंदा पानी पीने की पाइपलाइन में मिलकर नलों से घरों में पहुंच रहा है। इससे मोहल्ले के लोग बदबू और बीमारियों से परेशान हैं। यह समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। नलों से आ रहा बदबूदार और गंदा पानी सीवरलाइन लीक होने के कारण पेयजल पाइपलाइन दूषित हो गई है। नलों से बदबूदार और गंदा पानी आने से लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों ने दूषित पानी पीने से बच्चों और बुजुर्गों के बीमार होने की शिकायत की है। 6-7 साल से सीवेज समस्या झेल रहे शहरवासी स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले 6-7 वर्षों से सीवेज पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। तभी से शहर में सीवेज से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं पाइपलाइन चोक हो रही है तो कहीं सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। चोक चैंबरों से सड़कों पर बह रहा सीवेज सीवेज पाइपलाइन चोक होने के कारण चैंबरों से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। इससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई है और आसपास रहने वाले लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। पनवाड़ी मोहल्ले में सीवरलाइन डालने के दौरान पीने के पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत सही तरीके से नहीं की गई, जिसके चलते सीवेज का पानी पेयजल में मिल रहा है। नगर पालिका और कंपनी से की गई शिकायतें मोहल्लेवासियों ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से नगर पालिका और सीवेज कंपनी को शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। वार्ड 12 निवासी अमजद ने बताया कि सीवेज चैंबर से बदबूदार पानी निकलने और पाइपलाइन लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है। नलों से बदबूदार पानी आने के कारण कई लोग बीमार भी हो रहे हैं। कीचड़ और बदबू से आवागमन हुआ मुश्किल पनवाड़ी मोहल्ले की शहजादी मंसूरी ने बताया कि न तो सीवेज चैंबर की सफाई की जा रही है और न ही कोई अधिकारी मौके पर पहुंच रहा है। सड़कों पर कीचड़ फैलने से पैदल चलना और वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है। सीवेज कंपनी के मैनेजर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि वार्ड क्रमांक 12 से लीकेज की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि आज ही कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान किया जाएगा। 95 करोड़ की परियोजना, कई बार बदली कंपनियां बड़वानी शहर में 95 करोड़ रुपए की सीवरेज परियोजना वर्ष 2018 में शुरू हुई थी। काम में लगातार देरी होने के कारण वर्ष 2022 तक दो कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है। वर्तमान में वर्ष 2023 से एक नई कंपनी इस परियोजना पर काम कर रही है। 95 प्रतिशत काम पूरा, फिर भी परेशानी बरकरार कंपनी के अनुसार शहर में पाइपलाइन बिछाने और मुख्य चैंबर बनाने का काम लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब केवल बाजार क्षेत्र और दो-तीन कॉलोनियों में पाइपलाइन डालने का काम शेष है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में समस्याएं सामने आ रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *