बड़वानी के प्रांशुल यादव ने उज्जैन में आयोजित मिस्टर इंडिया बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में पांचवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने 70 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की, जिससे वह इस श्रेणी में मध्य प्रदेश के पहले बॉडी बिल्डर बन गए हैं। मिस्टर इंडिया बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के तत्वावधान में हुई इस चैंपियनशिप में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न भार वर्गों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित प्रांशुल ने अपने प्रदर्शन से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। पांचवां स्थान हासिल करने पर प्रांशुल को मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया गया। मंच पर उनके सम्मान के दौरान दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। इससे पहले, उन्होंने मिस्टर एमपी प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्हें इंदौर संभाग में चौथी रैंक मिली थी। कठिन डाइट और रूटीन फॉलो करते हैं प्रांशुल बड़वानी के अल्फा स्ट्रेंथ जिम के मालिक प्रांशुल यादव ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन का पालन किया। उन्होंने बताया कि इसके लिए बेहद कठिन डाइट और रूटीन फॉलो करना पड़ता है, जिसमें उबला हुआ, बिना तेल-मसाले और बिना चीनी का भोजन शामिल है। प्रतियोगिता से ठीक पहले मांसपेशियों को और अधिक स्पष्ट दिखाने के लिए पानी तक छोड़ना पड़ता है। परिवार को दिया कामयाबी का श्रेय प्रांशुल अपनी सफलता का श्रेय सबसे पहले अपनी मां नमिता यादव को देते हैं, जिन्होंने बचपन से ही उनका साथ दिया और हर कदम पर हिम्मत बढ़ाई। वह अपने बड़े भाई आवेश चौधरी (इंदौर) को अपना गुरु मानते हैं, जो खुद एक अनुभवी बॉडीबिल्डर हैं और जिन्होंने उन्हें सही दिशा दिखाई। प्रांशुल का कहना है कि वह आगे भी कड़ी मेहनत करके अपने जिले, समाज और देश का नाम और ऊंचा करेंगे।


