बड़वानी के सिलावद पुलिस थाने में लंबे समय से लावारिस पड़े दोपहिया वाहनों की अब नीलामी होगी। इन्हें नीलाम करने के आदेश पुलिस को दिए गए हैं। नीलामी को लेकर एसडीएम ने अनुमति भी दे दी है। अब आगामी 10 जनवरी को इन वाहनों को पुलिस की ओर से नीलाम किया जाएगा। एसपी जगदीश डावर की ओर से समस्त थाना प्रभारियों को थानों में लंबित जब्त माल वाहनों के निराकरण के लिए निर्देशित किया गया है। एसपी के निर्देश पर एएसपी अनिल पाटीदार और एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में सिलावद थाना प्रभारी वीर बहादुर सिंह चौहान को लावारिस स्थिति में मिले 10 दोपहिया वाहनों का निराकरण करने के आदेश दिए गए हैं। नीलाम किए जाएंगे जब्त किए दोपहिया वाहन सिलावद थाना प्रभारी वीर बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि जब्त किए गए इन 10 दोपहिया वाहनों को धारा 25 पुलिस एक्ट के तहत जब्त किया गया था। इसके लिए थाना प्रभारी ने एसडीएम कार्यालय बड़वानी में पत्र प्रस्तुत किया था, जिस पर 2 मई 2023 को इन वाहनों के संबंध में सार्वजनिक उद्घोषणा जारी की गई थी, जिसमें दावा और आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था, लेकिन वर्तमान तिथि तक किसी भी व्यक्ति की ओर से इन वाहनों पर कोई दावा या आपत्ति प्रस्तुत नहीं की गई है। एसडीएम के पत्र के माध्यम से 10 जनवरी को नीलामी का निर्णय उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के बाद एसडीएम बड़वानी के पत्र क्रमांक 54/92/रीडर/2024 दिनांक 27.12.2024 के माध्यम से थाना सिलावद प्रांगण में आगामी 10 जनवरी को सुबह 11 बजे नीलामी की अनुमति प्रदान की गई है। नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए तहसीलदार/कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बड़वानी एवं थाना प्रभारी सिलावद को अधिकृत किया गया है।


