बड़वानी में दिसंबर के अंतिम दिनों में उत्तरी शीत हर का प्रभाव बढ़ गया है। सुबह, शाम और रात के साथ दिन में भी हवाओं में नमी महसूस की जा रही है। सोमवार सुबह चली ठंडी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम विभाग के अनुसार, नए वर्ष की शुरुआत भी कड़ाके की ठंड के साथ होने का अनुमान है। कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम इकाई के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी हवाओं से बढ़ेगी ठंड, तापमान में और गिरावट के आसार इससे एक दिन पहले अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। रविवार को हवा की गति 8 किलोमीटर प्रति घंटा और अधिकतम आर्द्रता 75 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम इकाई प्रभारी ने बताया कि उत्तरी हवाओं की गति बढ़ने से आने वाले दिनों में ठंड का असर और अधिक बढ़ने की संभावना है। शीतलहर से तापमान में और आएगी गिरावट बढ़ती ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शीतलहर के संबंध में एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें 65 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजन, 5 वर्ष से कम आयु के बच्चे, हृदय या श्वसन रोगों से पीड़ित व्यक्ति, बेघर लोग, निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिक और खुले क्षेत्रों में व्यवसाय करने वाले छोटे व्यवसायियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। शीतलहर एक मौसमी घटना है, जिसमें सतह के पास हवा के तापमान में तेजी से गिरावट आती है। इसके कारण तापमान बेहद कम हो जाता है और वायु दाब व हवा की गति में तेज वृद्धि होती है। यह पाला या बर्फ जमने जैसी मौसमी घटनाओं से जुड़ी होती है।


