बड़वानी के कुक्षी बाईपास पर मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे एक सड़क हादसे में डंपर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शहर निवासी क्षितिज शर्मा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी जीतू दरबार ने बताया कि डंपर वाहन ने बाइक सवार क्षितिज शर्मा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्षितिज गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षितिज शर्मा शहर के भगवान नगर के निवासी थे और किसी काम से अपनी बाइक से कुक्षी बाईपास पर आए थे। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रूम के बाहर मृतक के परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना कुक्षी बाईपास क्षेत्र में हुई थी। पुलिस ने डंपर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक क्षितिज शर्मा एक निजी बैंक में कार्यरत थे। हादसे की खबर से उनके परिवार में शोक छा गया है, और परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


