बड़वानी में मिले नरकंकाल की हुई पहचान:परिजन कपड़ों के आधार पर थाने पहुंचे, मां ने हत्या की आशंका जताई; महाराष्ट्र में थी गुमशुदगी दर्ज

बड़वानी जिले के खेतिया थाना क्षेत्र के मलगांव रोड पर कुछ दिन पहले एक नरकंकाल मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से नरकंकाल, मृतक के कपड़े और अन्य सामग्री जब्त की थी। शुक्रवार देर रात लगभग साढ़े 10 बजे महाराष्ट्र निवासी कुछ ग्रामीण खेतिया थाने पहुंचे। उन्होंने कपड़ों के आधार पर नरकंकाल की पहचान की। मृतक का नाम सागर शिवाजी पावरा (30) बताया गया है, जो महाराष्ट्र के धड़गांव रोशमाल का निवासी था। सागर कुछ दिनों से लापता था। उसकी गुमशुदगी 12 नवंबर को महाराष्ट्र के शहादा थाने में दर्ज करवाई गई थी। ग्राम रोशमाल निवासी हारसिंग पावरा ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए खेतिया थाना क्षेत्र में नरकंकाल मिलने की जानकारी मिली थी। उन्होंने कपड़ों के आधार पर पुष्टि की कि यह उनका ही लड़का है, जो 10 नवंबर को घर से गायब हुआ था। उन्होंने 12 नवंबर को शहादा पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। मां बोलीं- बेटे की हत्या कर शव को खेतिया में फेंका मृतक की मां सुशीला शिवाजी पावरा ने बताया कि उनका बेटा सागर कई दिनों से लापता था। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को खेतिया थाना क्षेत्र में फेंक दिया है। उन्होंने मामले की गहन जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। खेतिया पुलिस ने नरकंकाल की जांच पूरी करने और परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया। शनिवार को खेतिया पुलिस की मौजूदगी में ही मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *