बड़वानी जिले के अंजड़ नगर परिषद में रविवार दोपहर 8 करोड़ 24 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। यह कार्यक्रम स्थानीय गुरुनानक उद्यान में लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती ने बताया कि इन कार्यों में मुख्य रूप से पेयजल व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सीसी रोड निर्माण शामिल हैं। कुल 8 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से ये परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। इस अवसर पर अनेक पार्षदगण और नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। इन विकास कार्यों पर खर्च होगी राशि पेयजल व्यवस्था के तहत लगभग 6 करोड़ 72 लाख रुपए की लागत से 2.3 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट बनाया जाएगा। यह प्लांट नर्मदा किनारे दतवाड़ा में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत स्थापित होगा। इसके लिए नर्मदा नदी से गुरुनानक उद्यान तक करीब 10 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 8 लाख तथा 5 लाख लीटर क्षमता की दो बड़ी पानी की टंकियां भी बनाई जाएंगी। इससे नगरवासियों को आगामी 20 वर्षों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। कचरा प्रबंधन के लिए ट्रेचिंग ग्राउंड में लगभग 1 करोड़ 17 लाख रुपए की लागत से 3 टीपीडी एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) प्लांट का निर्माण होगा। इसके अतिरिक्त, वार्ड क्रमांक 1, 13 और 15 में 35 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य भी किए जाएंगे, जिससे आमजनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ये हुए कार्यक्रम में शामिल इस दौरान मंच पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर, वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद आवल्या, विट्ठल मामा पाटीदार, शिवराम छबाया, राजेन्द्र भावसार, राजा चौहान एवं अंजना पटेल मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन उपयंत्री निलेश सोनी एवं आभार प्रभारी सीएमओ दिनेश पटेल द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


