बड़वानी शहर में यातायात व्यवस्था बदहाल, जाम से लोग परेशान:आरटीओ-ट्रैफिक पुलिस ने शहर के बाहर बनाए चालान; अधिकारी बोले- जल्द सुधरेगी स्थिति

बड़वानी शहर में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है। मुख्य मार्गों पर आए दिन जाम लग रहा है, जबकि यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग शहर के बाहर कार्रवाई करने में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं। इससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं और समाधान की मांग कर रहे हैं। शहर के अंदर जाम की स्थिति एमजी रोड, कचहरी रोड और आशाग्राम रोड पर वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े कर दिए जाते हैं। खासतौर पर आशा ग्राम रोड पर रोजाना जाम की स्थिति बनती है। मुख्य बाजार में पार्किंग व्यवस्था न होने से लोग सड़क किनारे ही वाहन खड़ा करते हैं, जिससे रास्ता बेहद संकरा हो जाता है और ट्रैफिक जाम बढ़ता है। नागरिक कैलाश ठाकुर ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। कचहरी रोड पर दुकानों के कारण भीड़ अधिक रहती है और पार्किंग न होने से अव्यवस्था और बढ़ जाती है। शहर के बाहर कार्रवाई, चालान बनाए इसी बीच बुधवार को यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग ने शहर से बाहर अंजड रोड स्थित ग्राम करी में संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान ओवरलोडिंग, सीट बेल्ट न लगाने और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर चालान काटे गए। बसों में आपातकालीन खिड़की न मिलने पर 5 हजार तक का जुर्माना किया जा रहा है। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सुरक्षा नियमों और ‘राहवीर योजना’ की जानकारी भी दी। छात्रों को भी ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में आरटीओ राकेश भूरिया और यातायात थाना प्रभारी विनोद बघेल मौजूद रहे। बड़े वाहनों को रोकने बैरिकेड लगाए कचहरी रोड, झंडा चौक, जैन मंदिर चौराहा और एमजी रोड पर बड़े वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की तैनाती न होने से लोग बैरिकेड के पास से ही बड़े वाहन निकाल लेते हैं। बैरिकेड शोपीस बनकर रह गए हैं। नगर पालिका ने वेंडर मार्केट के बेसमेंट में पार्किंग की जगह तय की है, लेकिन निर्माण पूरा न होने से इसका लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है। अधिकारी बोले- जल्द सुधरेगी स्थिति यातायात टीआई विनोद बघेल ने कहा कि शहर में दुर्घटनाओं की शिकायतें बढ़ रही हैं, इसलिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि शहर के मध्य में पार्किंग की सुविधाओं की कमी है। बड़े वाहनों की एंट्री को सीमित कराने और चालानी कार्रवाई बढ़ाने की बात कही। आरटीओ राकेश भूरिया ने बताया- जिला प्रशासन के निर्देश पर संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और अन्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर जागरूकता और कार्रवाई दोनों जारी रहेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *