बड़वानी श्याम मंदिर में षट्तिला एकादशी पर उमड़ा जनसैलाब:30 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे; फूलों से सजाया दरबार, विशेष आयोजन हुए

बड़वानी के श्री खाटूश्याम मंदिर में बुधवार को मकर संक्रांति के दिन षट्तिला एकादशी का आयोजन भव्य रूप से हुआ। इस अवसर पर 30 हजार से अधिक श्रद्धालु श्याम बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर को रंग-बिरंगी पतंगों और ताजगी से भरे फूलों से सजाया गया। श्याम बाबा की प्रतिमा को दिल्ली से लाए गए विभिन्न फूलों और कोलकाता से मंगवाई गई आकर्षक पोशाक से सजाया गया। श्याम बाबा को तिल-गुड़ की प्रसादी चढ़ाई सुबह 6 बजे से भक्तों का दर्शन शुरू हुआ और रात 9 बजे तक लगातार श्रद्धालु मंदिर में आए। उन्होंने श्याम बाबा को तिल-गुड़ की प्रसादी चढ़ाई, जो दिनभर वितरित की गई। महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक थी, जिन्होंने समूह में आकर भजन गाए। कई भक्त दूरदराज के इलाकों से पैदल भी पहुंचे। पूजन, आरती और भव्य दरबार लगा सुबह पंडित बसंत शर्मा ने वैदिक मंत्रों के साथ श्याम बाबा का पूजन किया। सेवादारों ने श्याम बाबा के साथ-साथ भगवान पशुपतिनाथ महादेव, श्री सालासर बालाजी, श्रीराम दरबार और श्री कृष्ण दरबार को भी सजाया। मंगला आरती सुबह 7:30 बजे हुई, जबकि सुबह 11 बजे और शाम 8 बजे भोग आरती संपन्न हुई। शाम 6:30 बजे हजारों भक्तों की उपस्थिति में श्याम बाबा की संगीतमय महाआरती हुई। इसके बाद भव्य दरबार सजाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। श्याम एकादशी प्रसादी ग्रुप ने फलाहारी मिक्सचर और फल-फ्रूट वितरण किया। रात 11 बजे शयन आरती के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। आगामी कार्यक्रम श्याम मंदिर समिति के अनुसार, 15 जनवरी, गुरुवार को भी मकर संक्रांति पर्व के चलते मंदिर दिनभर खुले रहेंगे। आगामी 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर्व मनाया जाएगा। इस दिन सुबह श्याम बाबा का पूजन और गंगा जल से स्नान कर पीताम्बरी वस्त्र बदलेंगे। पुराने वस्त्र भक्तों में प्रसादी के रूप में वितरित किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *