कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़वारा टोला में एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बड़वारा टोला निवासी 22 वर्षीय किस्मतिया बाई, पति अर्जुन सिंह ने बीती रात यह कदम उठाया। घर के सभी सदस्यों के सो जाने के बाद उन्होंने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। सुबह जब परिजनों ने उन्हें देखा, तो घर में कोहराम मच गया और तत्काल बड़वारा थाना पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के पति अर्जुन सिंह ने बताया कि उनका विवाह वर्ष 2023 में प्रेम प्रसंग के बाद सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। अर्जुन के अनुसार, किस्मतिया लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से पीड़ित थीं और उनका लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल पा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से तंग आकर उन्होंने यह कठोर कदम उठाया होगा। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। चूंकि यह नवविवाहिता की मौत का मामला है, इसलिए पुलिस घटना के हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है।


