भास्कर न्यूज | दुमका शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के देवदाहा गांव में अपने भाई की हत्या कर फरार हुए इमामुद्दीन को पुलिस ने चार दिन बाद सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 7 मई की शाम हुई थी। आरोपी इमामुद्दीन मियां नशे की हालत में घर पहुंचा था। पत्नी ने विरोध किया तो दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ा तो बड़ा भाई शमा मियां बीच-बचाव करने के लिए पहुंचा। इसी दौरान इमामुद्दीन ने पहले पत्नी पर हमला करने की कोशिश की। फिर गुस्से में आकर बड़े भाई पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया। शमा मियां को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। मृतक की पत्नी आफरीन बीवी के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी के निर्देश पर एक टीम बनाई गई। पुलिस ने सघन छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


