बड़ौदामेव में भागवत कथा शुरू, 1500 महिलाओं ने निकाली कलश:श्री श्याम मंदिर रतन कुंज कॉलोनी में 31 दिसंबर तक आयोजन

अलवर के बड़ौदामेव कस्बे में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 25 दिसंबर गुरुवार से शुरू हो गया है। श्री श्याम मंदिर रतन कुंज कॉलोनी में आयोजित इस कथा से पूर्व 1500 महिलाओं ने एक कलश यात्रा निकाली। यह यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। आयोजन कृष्ण चैतन्य मोहन आचार्य के सानिध्य में हो रहा है। कलश यात्रा में शामिल महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण किए हुए थीं। ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। कलश यात्रा श्री श्याम मंदिर रतन कुंज कॉलोनी पर समाप्त हुई, जहां अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर और राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया गया।यह कथा श्री श्याम सखा मंडल के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। मुरारी लाल अग्रवाल और मुकेश चंद्र अग्रवाल ने इस आयोजन के बारे में जानकारी दी। कथावाचन मध्य प्रदेश के सिवनी मालवा से आईं आचार्या सुश्री अनन्या शर्मा कर रही हैं। पहले दिन उन्होंने सुखदेव की कथा का वर्णन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गोविन्दगढ़ प्रधान रसनम गोपाल चौधरी थीं। विशिष्ट अतिथियों में गोविंदगढ़ पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि गोपाल चौधरी, व्यापार संघ अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि रूपचंद, अलवर जिला अग्रवाल संस्थान के अध्यक्ष हुकम चंद गर्ग और अग्रवाल महासभा अलवर के अध्यक्ष अतुल किशोर शामिल रहे।श्रीमद् भागवत कथा का यह आयोजन 25 दिसंबर गुरुवार से शुरू होकर 31 दिसंबर बुधवार तक चलेगा। कथा का समापन 1 जनवरी गुरुवार को सुबह 9:15 बजे पूर्ण आहुति के साथ हवन यज्ञ और एक विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *