बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम:खेड़ला बुजुर्ग में 15 लाख रुपए से भरा एटीएम 2.5 मिनट में उखाड़ ले गए

उप तहसील मुख्यालय खेड़ला बुजुर्ग में भुसावर रोड पर आबादी क्षेत्र में स्थित बैंक आफ बड़ौदा परिसर के बाहर दुकान में लगे एटीएम को मंगलवार रात करीब 2:30 बजे बदमाश उखाड़ कर ले गए। एटीएम में 15 लाख रुपए की नकदी थी। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी कैमरों पर कालिख पोत दी, ताकि वारदात सीसीटीवी में कैद ना हाे। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने में मात्र ढाई मिनट का समय लगा। बैंक ऑफ बड़ौदा के मुंबई स्थित कंट्रोल रूम के मॉनिटरिंग सिस्टम में सायरन बजने के बाद स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने लूटे गए एटीएम को घटनास्थल से करीब 14 किमी दूर करीरी के पास मंडेरु गांव के चरागाह से बरामद किया है, लेकिन उसमें से कैश गायब मिला। दरअसल खेड़ला में करीब साल भर पहले भी बदमाश बैंक ऑफ बड़ोदा के इसी एटीएम को ले जाने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन उस समय एन वक्त पर पुलिस की सजगता से बदमाश लूट में कामयाब नहीं हो पाए थे। जिस एटीएम को बदमाशों द्वारा लूटकर ले जाया गया। उस पर कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि बार-बार बैंक का अधिकारियों को पत्र व्यवहार करने के बावजूद एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड नहीं लगाया गया। बताया गया कि करौली जिले के श्रीमहावीर जी कस्बे में एसबीआई के एटीएम को उखाड़ने के बाद बदमाशों ने खेड़ला बुजुर्ग में एटीएम लूट की वारदात को अंजाम दिया। बैंक मैनेजर मनु पाराशर ने बताया कि बैंक के एटीएम में करीब 15 लाख रुपए बचे हुए थे। कराैली : गैस कटर से एटीएम को काटा, 9.81 लाख की नकदी ले गए हिंडौन सिटी-कराैली| कस्बा श्रीमहावीरजी में मंगलवार रात बदमाश राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के पास लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर 9 लाख 81 हजार 600 रुपए ले गए। 5 दिन पहले एटीएम में 10 लाख रुपए की राशि डाली गई थी। वारदात से पहले आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरों पर काले रंग का स्प्रे कर दिया था। इसके बाद आराम से गैस कटर से एटीएम कैश बॉक्स काटा और नकदी ले गए। वारदात को अंजाम देने बदमाश पिकअप में आए थे। बदमाश 3 से 4 बताए जा रहे हैं। एटीएम को गैस कटर से काटना शुरू करने के बाद कंट्रोल रूम पर सायरन बजा तो वहां कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर रात को ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, तब तक बदमाश फरार हो गए। एएसपी सत्येन्द्रपाल सिंह के अनुसार स्प्रे करने से पहले एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी में एक बदमाश नकाब लगाए व कुर्ता पहने नजर आया है। श्रीमहावीरजी में आईसीआईसीआई बैंक की शाखा नहीं हैं, लेकिन बैंक की ओर से कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के पास 8 साल से एटीएम संचालित किया हुआ है। यहां गार्ड तैनात नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों ने वारदात को मेवात की गैंग की ओर से अंजाम देने की संभावना जताई जा रही है

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *