बदलाव… जिनके पास समय कम, वे 20 दिन में पूरी कर सकेंगे हज यात्रा

इस वर्ष हज यात्रा 24 मई से शुरू हो रही है। हज यात्रा कई बदलावों के साथ होने वाली है। हज कमेटी ऑफ इंडिया पहली बार शॉर्ट हज यात्रा लेकर आई है। ऐसे लोग जो लंबे समय के लिए काम से छुट्टी नहीं ले सकते हैं या अपना व्यापार नहीं छोड़ सकते हैं, उनके लिए इस शॉर्ट हज यात्रा का कॉन्सेप्ट लाया गया है। ऐसे लोग 45 दिनों में पूरी होनेवाली हज यात्रा को 20 दिनों में पूरी कर सकेंगे। पूरे झारखंड से इस बार 87 लोग 20 दिनों की हज यात्रा करेंगे, जिसमें वे 3-5 दिन मदीना में और बाकी के दिन मक्का में रहेंगे। 45 दिनों की हज यात्रा में लोग 8 दिन मदीना और 1 महीने मक्का में रहते हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने बताया कि शॉर्ट हज वालों का इंबार्केशन प्वाइंट कोलकाता न होकर मुंबई व दिल्ली होगा। इस बार हज यात्रा के दौरान महिला और पुरुष यात्रियों को अलग-अलग कमरों में ठहराया जाएगा। बुधवार को कडरु स्थित हज हाउस में झारखंड राज्य हज समिति ने ये जानकारी दी। हज इंस्पेक्टर ने डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर को हज 2026 स्वास्थ्य संबंधी हज ट्रेनर ट्रेनिंग प्रोग्राम में कई जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि हज में वही व्यक्ति जा सकते हैं, जो शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ हों। कार्यपालक पदाधिकारी झारखंड राज्य हज समिति आफताब अहमद, हज ट्रेनर मो. शकील, मेडिकल पदाधिकारी हज डॉ. मुस्तफी, खुर्शीद अनवर व एसएचआई वसीम हसन अंसारी ने बैठक को संबोधित किया। हज कमेटी ऑफ इंडिया पहली बार सभी हज यात्रियों को मुफ्त स्मार्ट वॉच प्रदान करेगा। इससे यात्रा अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीकी रूप से सक्षम हो सकेगी। यह किसी भी तरह की आपात स्थिति में उनकी मदद करेगी। पिछले साल तक हज यात्रियों को मोबाइल में हज सुविधा ऐप डाउनलोड करने को कहा जाता था। पर देखा गया है कि कुछ लोग फोन का उपयोग नहीं कर पाते। इसलिए एयरपोर्ट पर टिकट के साथ उन्हें स्मार्ट वॉच दी जाएगी, जिसमें एसओएस व नेविगेशन होगा। इससे लोगों को इमरजेंसी में मैसेज भेजा जा सकता है और लाइव लोकेशन आसानी से ट्रैक की जा सकती है। इस बार रसोई घर में खाना बनाने की भी सुविधा हज यात्रियों को नहीं मिलेगी, इन्हें बाहर से खाना लेकर खाना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *