जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल पर चल रहे तकनीकी कार्य की वजह से शुक्रवार 27 दिसंबर को रानीखेत और इंदौर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाया मेड़ता रोड संचालित की जाएगी। जोधपुर डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अजमेर मंडल के बगड़ी नगर-सोजत रोड स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या-561 पर आरसीसीसी बॉक्स डालने के कार्य की वजह से ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इसी के चलते रानीखेत और इंदौर एक्सप्रेस ट्रेनों का शुक्रवार को संचालन प्रभावित होगा। इस कार्य के कारण ट्रेन 14801/14802, जोधपुर-इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस 27 दिसंबर को आवागमन में मेड़ता रोड-फुलेरा-अजमेर के रास्ते चलाई जाएगी तथा परिवर्तित मार्ग में यह ट्रेन मेड़ता रोड, डेगाना व फुलेरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। डीआरएम सिंह ने बताया कि इस कार्य के कारण ट्रेन 15013, जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस जो 27 दिसंबर को जैसलमेर से रवाना होगी, वह जोधपुर-मेड़ता रोड-फुलेरा के परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी तथा मार्ग के मेड़ता रोड व डेगाना स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसी तरह 26 दिसंबर को काठगोदाम से रवाना हुई ट्रेन 15014, काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस भी मेड़ता रोड के परिवर्तित मार्ग से जोधपुर-जैसलमेर आएगी।


