डूंगरपुर में स्वच्छता अभियान के लिए लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन बनकोड़ा पंचायत मुख्यालय पर स्थिति बदहाल है। ग्रामीण स्वच्छता के प्रदेश समन्वयक के.के. गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान यहां सड़कों पर कीचड़ और खराब शौचालयों में गंदगी पाई। अधिकारियों द्वारा शिकायतें अनसुनी किए जाने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की है। समन्वयक के.के. गुप्ता ने बताया कि आसपुर पंचायत समिति की बनकोड़ा पंचायत में स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब है। गांव में कहीं भी साफ-सफाई नजर नहीं आती। सड़कों पर कीचड़ फैला हुआ है और नालियों की सफाई न होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे मच्छर पनप रहे हैं। पंचायत की ओर से सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके कारण हर जगह कचरा फैला हुआ है। शौचालयों की हालत इतनी खराब है कि उनका उपयोग करना मुश्किल है और बदबू से लोग परेशान हैं। इन हालातों को देखते हुए ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत समिति के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद जिला कलेक्टर और जिला परिषद सीईओ को भी मामले की शिकायत की गई, लेकिन जिला प्रशासन ने भी इसे अनसुना कर दिया। के.के. गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों की इस लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि डूंगरपुर जिला स्वच्छता के मामले में प्रदेश और देशभर में शीर्ष पर है, लेकिन कुछ अधिकारी इस छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।


