बयाना में 1 करोड़ से 7 हजार वर्ग गज में बनेगा बस स्टैंड

भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब उन्हें धूल-धूप और बेतरतीब व्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ेगा। बयाना-वैर रोड पर हरनगर गांव के पास जल्द ही एक आधुनिक और हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा करीब एक करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा। जो इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकासात्मक कदम साबित होगा। इस नए बस स्टैंड के लिए 7 हजार वर्ग गज की भूमि पहले ही चिन्हित की जा चुकी है। प्रस्तावित नक्शे के मुताबिक, इस परिसर को यात्रियों की हर संभव सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इस संबंध में भरतपुर आगार के मुख्य प्रबंधक शक्ति सिंह ने बताया कि एक करोड़ रुपए का बजट मंजूर हो गया है, जल्द ही निर्माण शुरू होगा। व्यावसायिक गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा:- यहाँ खान-पान की दुकानें, चाय-नाश्ते के स्टॉल या अन्य जरूरी सामान की दुकानें संचालित हो सकेंगी। यह न केवल यात्रियों को सुविधा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगा। इसके अलावा, पूरे परिसर में आसान आवाजाही के लिए एक व्यापक गलियारा (कॉरिडोर) बनाया जाएगा। स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान:- इस आधुनिक बस स्टैंड में स्वच्छता और सुरक्षा को उच्च प्राथमिकता दी गई है। परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे, ताकि सफर के दौरान यात्रियों को कोई असुविधा न हो। गर्मियों में यात्रियों को राहत देने के लिए ठंडे पानी के वाटर कूलर की भी व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से, पूरे बस स्टैंड परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह कदम यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए एक सुरक्षित माहौल तैयार करेगा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद करेगा। ये सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी:- यात्रियों के लिउ पूछताछ केंद्र और एक कैश/स्टोर रूम बनाया जाएगा। यह व्यवस्था यात्रियों को बसों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने और टिकट खरीदने में मदद करेगी। स्टैंड के सुचारू संचालन के लिए एक प्रशासनिक ब्लॉक भी बनाया जाएगा। इस बस स्टैंड के ग्राउंड फ्लोर पर कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल होंगी। इसका केंद्र बिंदु एक विशाल प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) होगा। यह बड़ी संख्या में यात्रियों को आराम से बैठने की सुविधा प्रदान करेगा, ताकि वे बस का इंतजार आराम से कर सकें। बसों के सुगम आवागमन के लिए व्यवस्थित प्लेटफार्म और शेड का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बसों में चढ़ने-उतरने में आसानी होगी और वे बारिश या धूप से बचे रह सकेंगे। स्थानीय लोगों को ये होगा फायदा:- बयाना-वैर रोड पर बन जमीन पर नया बस स्टैंड बनने से लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। इस रूट से धौलपुर, जयपुर, हिंडौन-करौली, अलवर, भरतपुर समेत कई रूटों को बसें मिलेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *