कोडरमा जिले के पुरनानगर मोहल्ले में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 32 वर्षीय मूकबधिर युवक नवीन कुमार ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त उसकी पत्नी सविता कुमारी वट सावित्री व्रत के लिए बरगद की पूजा करने गई थी। पूजा कर जब वह घर लौटी तो पति की मौत की खबर से सदमे में चली गई। परिवारवालों ने बताया कि सुबह शौच के बाद नवीन ने घर में ताला लगाया और चाबी अपने ससुर नंदलाल प्रसाद को दे दी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो परिवार को शक हुआ। खोजबीन के दौरान बेटी खुशबू कुमारी ने बताया कि घर की दूसरी चाबी भी अपनी जगह से गायब थी। फिर किसी तरह परिवार मुख्य दरवाजे से अंदर गया, तो देखा कि नवीन का कमरा अंदर से बंद था। कटर मशीन से दरवाजा काट कर निकाला घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोडरमा पुलिस ने कटर मशीन से दरवाजा तोड़ा। अंदर का माहौल देखकर सभी सन्न रह गए। नवीन का शव छत से फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि नवीन और उसकी पत्नी दोनों ही मूकबधिर थे। दोनों की शादी 2011 में सविता के पिता नंदलाल प्रसाद ने कराई थी। घर जंवाई बन कर रहता था नवीन जानकारी के मुताबिक नवीन के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था। इसके बाद मौसा-मौसी ने उसकी परवरिश की। शादी के बाद नंदलाल प्रसाद ने नवीन को अपना घर जमाई बना लिया था। वर्तमान में वह परिवार के साथ उसी गांव में अलग घर बनाकर रह रहा था। नवीन के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। परिजनों ने यह भी बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। हालांकि तनाव की वजह क्या थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है।


