डीडवाना-कुचामन जिले के बरड़वा गांव के जयप्रकाश गोसाईवाल ने तमिलनाडु के कांचीपुरम में आयोजित टीएनएसएससीए स्टेट स्केटिंग चैंपियनशिप 2025-26 में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। इस प्रदर्शन के साथ वह स्टेट चैंपियन बने। सामाजिक कार्यकर्ता टीकमचंद बुडानिया ने बताया कि जिला चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद जयप्रकाश ने करूर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए स्टेट चैंपियनशिप में भाग लिया। इस उपलब्धि के साथ ही जयप्रकाश ने आगामी नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जो पुडुचेरी में प्रस्तावित है।
जयप्रकाश इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। वह नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप और इंडो-नेपाल स्केटिंग चैंपियनशिप 2024 के स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राजस्थान रोलबॉल चैंपियनशिप 2024 में रजत पदक जीता था।
जयप्रकाश ने कक्षा पांचवीं से तमिलनाडु के सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में स्केटिंग शुरू की थी। उनका छोटा भाई जयराम भी स्केटिंग खिलाड़ी है।


