बरनाला के विवान होटल में देर रात कुछ युवकों द्वारा जमकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न सिर्फ एक युवती के साथ मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए होटल मैनेजर पर भी हमला कर उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस स्टेशन सिटी-2 के एसएचओ चरणजीत सिंह ने बताया कि संदीप गिल निवासी बनारसी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान गुरसेवक सिंह (बरनाला) और तपा निवासी माखन राम व जतन राम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गुरसेवक सिंह होटल में अपने साथ बैठी एक युवती के साथ उलझ पड़ा और उसे पीटना शुरू कर दिया।
हंगामे के दौरान जब मैनेजर ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ भी बदसलूकी और मारपीट की। इसके बाद गुरसेवक कार लेकर फरार हो गया, जबकि उसके साथी माखन और जतन ने रिसेप्शन पर पहुंचकर गाली-गलौज की और रिफंड की मांग करते हुए होटल की संपत्ति को नुकसान पहुँचाया। तोड़फोड़ करने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग निकले। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


