बरनाला में आम आदमी पार्टी के सांसद मीत हेयर के घर के सामने कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर प्रदर्शन किया। पुरानी पेंशन बहाली फ्रंट के कर्मचारियों ने पंजाब सरकार पर चुनावी वादा तोड़ने का आरोप लगाया। पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा के जिला संयोजक रमन सिंगला ने बताया कि आप ने सत्ता में आने से पहले पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा किया था। सत्ता में आने के बाद सरकार ने एक अधिसूचना जारी की। इसमें कहा गया कि अन्य राज्यों में पुरानी पेंशन के क्रियान्वयन पर विचार किया जाएगा। संयुक्त मोर्चा की उप-समिति के साथ बैठक में पंजाब के वित्त मंत्री ने यूपीएस पर विचार करने की बात कही। रमन सिंगला ने कहा कि यूपीएस, नेशनल पेंशन योजना की नकल है। उनका आरोप है कि सरकार केंद्र का यूपीएस कर्मचारियों पर थोपना चाहती है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इस योजना में मुलाजिमों का पैसा शेयर मार्केट में निवेश किया जाता है। इससे कर्मचारियों को कोई फायदा नहीं होता। इससे पहले उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों और मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा था। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर पुरानी पेंशन तत्काल बहाल नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।


