बरनाला में तेज रफ्तार कैंटर ने पैदल जा रहे दो लोगों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसा धनौला क्षेत्र में देर रात करीब 10 बजे हुआ। संगरूर से बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जा रहे कैंटर ने पहले हनुमान मंदिर के पास भूषण कुमार को टक्कर मार दी। भूषण सड़क किनारे चल रहे थे। कैंटर ने उन्हें कुछ दूर तक घसीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कैंटर ने धनौला पिंडी में अमृतपाल सिंह को टक्कर मार दी। अमृतपाल की भी मौत हो गई। हादसे में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कैंटर ड्राइवर शराब के नशे में लग रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार ड्राइवर की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


