बरनाला शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। बीती रात पंचायत चुनाव ड्यूटी पर जा रहे नगर निगम के एक सेनेटरी इंस्पेक्टर पर हमला कर तलवार की नोक पर लूटपाट की गई। यह घटना शहर के बीचों-बीच हुई, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। पीड़ित इंस्पेक्टर अंकुश कुमार ने बताया कि वे रात करीब 10 बजे अपने घर से स्कूटर पर एसडी कॉलेज में वोटिंग ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रास्ते में बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और लूटपाट की कोशिश की। लुटेरों ने अंकुश कुमार का पर्स छीन लिया, जिसमें महत्वपूर्ण कागजात थे। इसके बाद उन्होंने उनका मोबाइल और अन्य सामान भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन इंस्पेक्टर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। लुटेरों ने उन्हें घटना की जानकारी पुलिस को न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। लुटेरों को गिरफ्तार करने की मांग इंस्पेक्टर अंकुश कुमार ने तुरंत पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दी। उन्होंने पुलिस से दोनों लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। यह मामला बरनाला के डिप्टी कमिश्नर के संज्ञान में भी लाया गया है। इस संबंध में डीसी बरनाला टी. बेनिथ ने बताया कि उन्होंने एसएसपी बरनाला से बात की है। उन्होंने शहर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुधारने और पीसीआर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। डीसी बेनिथ ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस को दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना सिटी बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने पुष्टि की कि इंस्पेक्टर अंकुश कुमार के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।


