बरनाला में बेटे के सामने पिता को पिकअप ने कुचला:कार का टायर पंक्चर होने पर चेक करने उतरा था, तभी पीछे से लोडर ने मारी टक्कर

पंजाब के बरनाला जिले में एक सड़क हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। अज्ञात पिकअप वाहन चालक ने खड़ी ब्रेजा कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार के आगे खड़े व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस स्टेशन सदर बरनाला के एसएचओ जगजीत सिंह ने बताया कि यह मामला जसप्रीत सिंह निवासी मुंम के बयान पर दर्ज किया गया है। जसप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह और उनके पिता अजीत सिंह दोपहर में घरेलू काम से बठिंडा गए थे। देर शाम काम निपटाकर वे गांव लौट रहे थे। जब वे हंडियाया आउटलेट के सामने पहुंचे, तो उनकी ब्रेजा कार का अगला टायर पंक्चर हो गया। अजीत सिंह ने गाड़ी की लाइट और इंडिकेटर ऑन किए और टायर चेक करने के लिए गाड़ी के आगे उतरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बोलेरो पिकअप के अज्ञात चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से ब्रेजा कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ब्रेजा कार आगे खड़े अजीत सिंह से जा टकराई, जिससे वह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और अजीत सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल बरनाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *