पंजाब के बरनाला जिले में मजदूर दिवस पर मजदूरों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी कमिशनर दफ्तर और आम आदमी पार्टी के संगरूर सांसद मीत हेयर के घर के बाहर अपनी मांगें रखी।भाई लालो मंच के अध्यक्ष हरजीत सिंह खियाली और मजदूर नेता जगराज सिंह, परमजीत कौर ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। विभिन्न गांवों से आए करीब 5 हजार मजदूरों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। बोले-नियमित रोजगार नहीं मिल रहा मजदूर नेताओं ने कहा कि वर्तमान स्थिति बेहद खराब है। मजदूरों को नियमित रोजगार नहीं मिल रहा। बुजुर्गों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही। बच्चों को स्कूलों में उचित शिक्षा नहीं मिल रही। अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं भी बदतर हो गई हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों की मजदूरी समय पर खातों में नहीं डाल रही। इससे वे फसल के मौसम में गेहूं भी नहीं खरीद पा रहे। प्रदर्शनकारियों ने 11 मांगें रखी उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को ड्रामेबाज करार दिया। प्रदर्शनकारियों ने 11 मांगें रखी हैं। इनमें बुढ़ापा पेंशन की नियमित अदायगी, मजदूरों की दैनिक मजदूरी 700 रुपए करने और जल संरक्षण के स्थायी समाधान शामिल हैं। नेताओं ने चेतावनी दी, कि मांगें न मानी गई तो 20 हजार मजदूर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।


