यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर मंगलवार को बरनाला सहित देशभर के सरकारी बैंक बंद रहे। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप रहा। यूएफबीयू ने 27 जनवरी को पूरे भारत में सभी सरकारी बैंकों में हड़ताल का ऐलान किया था। इसी के तहत बरनाला के बैंक कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में बैंक कर्मचारी यूनियनों के जिलेभर के बैंक कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। हनी गोयल, नीतू गोयल, रविंद्र कौर और रणजीत कुमार ने अपनी मुख्य मांगों को सामने रखते हुए कहा कि अन्य सभी सरकारी क्षेत्रों की तरह सरकारी बैंकों में भी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होना चाहिए। यहां देखे दो फोटो… अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार इस मांग को 2022 में स्वीकार कर चुकी है, लेकिन अभी तक इसे जमीनी स्तर पर लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदल सकती है।


