बरनाला के सरकारी अस्पताल परिसर में पर्ची (पार्किंग रसीद) कटवाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत एक मरीज के परिजन और अस्पताल के पार्किंग ठेके के कर्मचारी के बीच रसीद के पैसों को लेकर हुई थी। बात बढ़ने पर मौके पर मजदूर संगठन के प्रतिनिधि भी पहुंच गए। मजदूर नेता दर्शन सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्किंग कर्मचारी ने उनके साथी के साथ बदसलूकी की और उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद भड़के लोगों और पर्ची काउंटर के कर्मियों के बीच सीधी हाथापाई शुरू हो गई। दूसरे पक्ष ने भी लगाए गाली-गलौज के आरोप वहीं, दूसरी ओर पर्ची काउंटर पर तैनात कर्मचारी ने मजदूर संगठन के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि दूसरे पक्ष ने पहले उनके साथ बदतमीजी, गाली-गलौज और हाथापाई की थी। कर्मचारी ने पुलिस प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। मारपीट के दौरान वहां मौजूद राहगीरों और मरीजों के तीमारदारों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है। CCTV और वायरल वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई घटना का संज्ञान लेते हुए सरकारी अस्पताल की एसएमओ (SMO) डॉ. इंदु ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की गुंडागर्दी और अशांति को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डॉ. इंदु ने बताया कि दोनों पक्षों को तलब किया गया है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की गहनता से जांच करवाकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


