बरसाती पानी के गड्ढे में मिला मां-बेटे का शव:मंदिर जाने का कहकर मासूम को साथ ले गई थी; किनारे चप्पल रुमाल मिले

11 महीने के मासूम और उसकी मां का शव बरसाती पानी में गड्ढे में मिला है। महिला शुक्रवार सुबह अपने बेटे को लेकर मंदिर जाने का कहकर ससुराल से निकली थी। इसके बाद नहीं लौटी। परिजनों ने दोनों की मिसिंग रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। बच्चे का शव मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। यही नदी के किनारे उन्हें मां की चप्पल और रुमाल नजर आ गया। इसके बाद सिविल डिफेंस की टीम ने तलाश कर ढाई घंटे बाद महिला का शव भी बाहर निकाला। शवों को देख परिजन बिलख पड़े। घर की महिलाएं लिपट कर रोती नजर आई। मामला चित्तौड़गढ़ के कपासन थाना इलाके के रंडियारडी रोड का शनिवार सुबह 10:30 बजे का है। पहले मासूम का शव फिर मां का शव मिला कपासन SHO सुनील शर्मा ने बताया- सुबह ग्रामीणों से रंडियारडी रोड स्थित बरसाती पानी के गड्ढे में एक बच्चे का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे और सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया। 10:30 बजे आई सिविल डिफेंस टीम ने बच्चे के शव का शव निकाल लिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी तो उन्होंने बच्चे की पहचान नवीन प्रतापत पुत्र सुरेश प्रजापति निवासी के रूप में की। इसी दौरान परिजनों को गड्ढे के किनारे नवीन की मां ममता प्रजापत (24) की चप्पल और रुमाल भी पड़े नजर आए। सिविल डिफेंस टीम ने दोबारा रेस्क्यू चलाया और करीब 1 बजे ममता के शव को निकाल लिया। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। जैसा परिजन रिपोर्ट देंगे उसी हिसाब से आगे कार्रवाई की जाएगी। अब तस्वीरों में समझिए पूरा मामला… रात को मिसिंग रिपोर्ट सुबह शव मिले SHO ने बताया कि परिजनों ने शुक्रवार को ममता और नवीन के लापता होने की रिपोर्ट भी दी थी। इस रिपोर्ट में बताया था कि पत्नी ममता प्रजापत शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने ससुराल से यह कहकर निकली थी कि वह अपने 11 महीने के बेटे नवीन को मंदिर ले जा रही है। इसके बाद देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। काफी तलाश के बाद भी मां-बेटा नहीं मिले तो परिजनों ने शुक्रवार देर रात मिसिंग रिपोर्ट दी थी। गुरुवार को ही ससुराल आई थी जानकारी के अनुसार, ममता गुरुवार शाम को ही अपने पीहर से आई थी। उसका पीहर राजसमंद जिले के सिंदेसर खुर्द में है। जो कपासन से करीब 30 से 35 किलोमीटर दूर है। ममता की मां नहीं है और पिता की देखभाल के लिए वह अक्सर अपने मायके जाती रहती थी। ममता का पति सुरेश साइन बोर्ड पेंटिंग का काम करता है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर डिप्टी एसपी हरजीलाल यादव, थानाधिकारी सुनील शर्मा सहित पुलिस जाब्ता मौके पर मौजूद रहा। एसडीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों को भी सूचना दी गई। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *