स्मार्ट सिटी मिशन के तहत न्यू दीप नगर क्षेत्र में बुड्ढा दरिया के किनारे बनाई जा रही रिटेनिंग वॉल का निर्माण अधर में लटक गया है। यह प्रोजेक्ट एक साल पहले शुरू हुआ था और छह महीने में पूरा होना था। लेकिन, नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की लापरवाही के चलते न तो कब्जे हटे और न ही सही ढंग से सर्वे हुआ। अब हालात यह है कि अधूरी रिटेनिंग वॉल के कारण दरिया की चौड़ाई 20 फीट से घटकर मात्र 10 फीट रह गई है। मौसम विभाग पहले ही इस मानसून में 115% बारिश का अलर्ट दे चुका है। ऐसे में बुड्ढा दरिया के ओवरफ्लो होने और बाढ़ जैसे हालात बनने की पूरी आशंका है। पहले भी यह दरिया हर मानसून में उफनता रहा है, जिससे सीवरेज व्यवस्था फेल हो जाती है और निचले इलाकों में जलभराव हो जाता है। इस बार खतरा और बड़ा हो गया है। काम ठप, खर्च बढ़ा; शहर खतरे में शुरुआत में इस प्रोजेक्ट की लागत 5.84 करोड़ थी, जिसे बढ़ाकर लगभग 7 करोड़ कर दिया गया। लेकिन भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट बताती है कि मौके पर काम पूरी तरह बंद पड़ा है। प्रशासन दावा कर रहा है कि बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी है, लेकिन निगम की धीमी रफ्तार शहर को संकट की ओर धकेल दिया है। वहीं, एक्सईएन संजीव शर्मा का कहना है कि बिल्डिंग ब्रांच ने कब्जे नहीं हटाए हैं, इस कारण काम प्रभावित हो रहा है। इस संबंधी कमिश्नर को अवगत कराया जाएगा।


