बरहमपुर में शिविर, 200 ग्रामीणों की जांच

भास्कर न्यूज | चिरमिरी चिरमिरी क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अंजन माइंस प्राइवेट लिमिटेड ने पहल की है। कंपनी ने अपने सामुदायिक कल्याण एवं कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत चिरमिरी के पास स्थित ग्राम बरहमपुर में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर में 200 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में विशेष रूप से नेत्र रोगों और सामान्य बीमारियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। डॉ. तनवीर अहमद ने मौसमी बीमारियों और अन्य रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच की। उन्होंने बताया कि शिविर में महिला रोगियों की संख्या अधिक रही, जिन्हें परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयां दी गईं। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. शईद कुरैशी ने लगभग 75 मरीजों की आंखों की जांच की। जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही आई ड्रॉप्स और लेंस वाले चश्मे निःशुल्क प्रदान किए गए। अंजन माइंस का यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं है। कंपनी ने खदान क्षेत्र के आसपास के 9 गांवों (भंडारदेही, भुकभुकी, दुबछोला, कदरेवा, आमाडांड, मेरो, मुकुंदपुर, मझौली और बरमपुर) के लगभग 2,000 ग्रामीणों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा है। बता दें कि अब तक दो शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। सामान्य ओपीडी के माध्यम से 600 मरीजों को कवर करने की योजना है। अगले सप्ताह से 7 से 8 गांवों में महिलाओं के लिए स्त्री रोग (गायनेकोलॉजी) और बच्चों के लिए बाल रोग (पीडियाट्रिक) विशेषज्ञ शिविर लगाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *