भास्कर न्यूज | हजारीबाग बरही में टीबी खत्म करने को लेकर कई निश्चय मित्र आगे आ रहे है, जिसका परिणाम है कि काफी मरीज ठीक भी हो रहे है। शनिवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अनुमंडलीय अस्पताल बरही में 20 चिन्हित मरीजों के बीच पोषण खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल रहे। उन्होंने मरीजों को पोषण आहार कीट सौंपे। कार्यक्रम की अध्यक्षता निश्चय मित्र एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने की। संचालन अस्पताल के डीएस डॉ प्रकाश ज्ञानी ने किया। इस मौके पर निश्चय मित्र बने बरही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आभास कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, महिला थाना प्रभारी किरण कच्छप, नेशनल ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन के सदस्य और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मरीजों को पोषण सामग्री दी। अस्पताल डीएस डॉ प्रकाश ज्ञानी ने मरीजों को बताया कि टीबी का इलाज संभव है। मरीजों को समय-समय पर वजन, हिमोग्लोबिन और बलगम की जांच करानी चाहिए। दवा नियमित लेनी जरूरी है। समय पर जांच और दवा से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। कार्यक्रम में एसटीएस रवि शंकर कुमार, एसटीएलएस विजेन्द्र कुमार, सहिया गीता देवी, अल्पना देवी, इशरत खातून, हमीरा प्रवीण और चिंता देवी सहित कई लोग मौजूद थे।


