बरोंडा गांव में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

भास्कर न्यूज | राजिम ग्राम बरोंडा में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर 17.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित बाजार चौक टिनशेड का लोकार्पण, 6.80 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य और 10 लाख रुपये की लागत से साहू समाज भवन के समीप टिनशेड निर्माण का भूमिपूजन किया गया। साथ ही निषाद भवन में आयोजित भक्त गुहराज जयंती समारोह में विधायक रोहित साहू ने समाजजनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना के माध्यम से ग्रामीणों व माताओं-बहनों को लाभ पहुंचाने का महत्व बताया और ग्राम बरोंडा के विकास के लिए नई घोषणाएं कीं। जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने निर्माण कार्यों के ग्रामीणों को मिलने वाले लाभ पर प्रकाश डाला। भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीण विकास की गति पर जोर दिया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य आशीष पांडेय, सरपंच धनसाय निषाद, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भारत सिन्हा, पूर्व जनपद सदस्य सुगंधित गृतलगरे समेत कई अन्य सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *