भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के दौरान निर्वाचन कार्य में लगे 2 आदिवासी शिक्षकों की बर्खास्तगी के मामले में पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मुख्य सचिव, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग और आयुक्त सरगुजा संभाग को पत्र प्रेषित कर हस्तक्षेप की मांग की है। पूर्व विधायक कमरो द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार 19 फरवरी 2025 को शाउमावि ग्राम साल्ही में निर्वाचन सामग्री वितरण के दौरान नियुक्त कर्मचारियों के संबंध में एक प्रकरण सामने आया। इस दौरान अशोक कुमार सिंह सहायक शिक्षक शासकीय प्राथमिक शाला हर्रा टोला व अभय कुजूर सहायक शिक्षक शाप्राशा चुक्तिपानी विकासखंड मनेंद्रगढ़ पर कथित रूप से मदिरा सेवन कर निर्वाचन कार्य क्षेत्र में उपस्थित होने का आरोप लगाया और इसके आधार पर कलेक्टर ने दोनों शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त करने की अनुशंसा की। कमरो ने इस कार्रवाई को कठोर और अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि आदिवासी समाज की सामाजिक- सांस्कृतिक परिस्थितियों में कुछ अवसरों पर पारंपरिक रूप से सेवन किया जाता है और कई बार पूर्व रात्रि में सेवन की गई मदिरा की गंध अगले दिन तक रह जाती है, जिसे गलत रूप से मदिरा सेवन का प्रमाण मान लिया जाता है।


