प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए कर्मचारियों की आखिरकार बहाली कर दी गई है। दुर्ग जिले के दो डॉक्टरों सहित प्रदेशभर के कुल 25 एनएचएम कर्मियों को दोबारा सेवा में लिया गया है। बुधवार को दुर्ग जिले के दोनों डॉक्टरों ने सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से ज्वाइनिंग दी। जिले में बर्खास्त किए गए डॉक्टरों में डॉ. आलोक शर्मा और डॉ. संजीव दुबे शामिल हैं। दोनों ने मुख्य चिकित्सा-स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) दुर्ग, डॉ. मिथलेश चौधरी के समक्ष अपनी ज्वाइनिंग सौंपी। प्रदेशभर में हुआ था आंदोलन दरअसल, कुछ माह पहले एनएचएम कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी हड़ताल की थी। इस आंदोलन के नेतृत्व में शामिल कर्मियों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए दुर्ग जिले के दो डॉक्टरों सहित प्रदेशभर के 25 एनएचएम कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद से बर्खास्त कर्मी और उनके संगठन लगातार बहाली की मांग कर रहे थे। दिवाली से पहले बहाली का दिया था आश्वासन कर्मचारियों का कहना था कि सरकार ने जल्द बहाली का आश्वासन दिया था। इस संबंध में कैबिनेट की दो बैठकें भी हुईं, लेकिन इसके बावजूद बहाली का फैसला नहीं हो सका। पहले दावा किया गया था कि दिवाली से पहले बहाली कर दी जाएगी, लेकिन समय बीतने के बावजूद निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती गई। बहाली में देरी को लेकर एनएचएम कर्मियों ने फिर आंदोलन और लंबी हड़ताल की चेतावनी दी थी, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। बढ़ते असंतोष को देखते हुए आखिरकार सरकार ने कदम उठाया। इन जिलों में हुई एनएचएम कर्मियों की बहाली बालोद बलौदाबाजार बेमेतरा बिलासपुर दंतेवाड़ा गरियाबंद जांजगीर कांकेर कवर्धा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी नारायणपुर रायगढ़ सुकमा


