बलरामपुर में अवैध धान परिवहन रोकने प्रशासन सख्त:कलेक्टर-एसपी ने चेक पोस्ट, धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और अवैध धान परिवहन रोकने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर राजेंद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल ने अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित रामानुजगंज और अनिरुद्धपुर चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों, वाहनों के आवागमन पंजी और कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर कटारा ने अंतर्राज्यीय सीमाओं से आने वाले प्रत्येक मालवाहक वाहन की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध धान खपाने वाले कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक बैंकर ने पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। धान की गुणवत्ता जांच और पारदर्शी तौल प्रक्रिया पर दिया जोर सीमावर्ती क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद, कलेक्टर और एसपी ने धान उपार्जन केंद्र रामचंद्रपुर का भी दौरा किया। कलेक्टर कटारा ने नमी मापक यंत्र से धान की गुणवत्ता की जांच करवाई और इलेक्ट्रॉनिक कांटों के सत्यापन की जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रबंधक को निर्देश दिए कि मानक नमी वाले धान की खरीदी में कोई देरी न हो और तौल प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए। साथ ही, खरीदे गए धान का समय पर उठाव, पर्याप्त भंडारण स्थान और तिरपाल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने किसानों से ली फीडबैक, टोकन व्यवस्था पर दी जानकारी निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने किसानों से बातचीत कर व्यवस्थाओं पर उनकी प्रतिक्रिया ली। टोकन संबंधी किसानों की चिंताओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार प्रत्येक पंजीकृत किसान की वास्तविक उपज खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है और टोकन की सीमा पहले ही बढ़ाई जा चुकी है। प्रशासन की सख्त निगरानी के कारण अब तक 107 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 12,407.42 क्विंटल अवैध धान और 67 वाहन जब्त किए जा चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *