बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम लोधा से खैरवार समाज की एक नाबालिग युवती 23 दिसंबर की रात से लापता है। घटना को 6 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे खैरवार समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। युवती की गुमशुदगी को लेकर खैरवार समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और लापता युवती के परिजन रामचंद्रपुर थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द पता लगाने की मांग की। थाना परिसर में समाज के लोगों की मौजूदगी के दौरान घटना को लेकर गहरी चिंता और नाराजगी देखने को मिली। ठोस कार्रवाई करने की मांग खैरवार समाज के सीनियर पदाधिकारी और जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह ने कहा कि समाज में पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं घटित हो चुकी हैं। उन्होंने लगातार ऐसी घटनाओं को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए इन पर तत्काल रोक लगाने और प्रशासन से त्वरित व ठोस कार्रवाई करने की मांग की। आंदोलन की चेतावनी इस अवसर पर खैरवार समाज के प्रदेश महामंत्री बबला नंद सिंह, रमाशंकर सिंह और मुद्रिका सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और लापता युवती के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन से युवती की जल्द से जल्द खोजबीन कर सुरक्षित बरामदगी की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, रामचंद्रपुर थाना प्रभारी मनोज नवरंगे ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


