बलरामपुर जिले में नवरात्रि पर्व के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी ने शौर्य पथ संचलन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन दहेजवारर क्षेत्र से शुरू होकर नगर भ्रमण करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी की बड़ी संख्या में बहनों ने रक्त से तिलक कर शस्त्र पूजन किया। संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने नगर में अनुशासित पथ संचलन किया। पूरे नगर में ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष गूंजते रहे। मातृशक्ति को सशक्त बनाने पर दिया जोर कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। दुर्गा वाहिनी की पूर्व जिला संयोजिका दिव्या भारती, वर्तमान जिला संयोजिका संजना सिंह और सरगुजा संभाग की विभाग संयोजिका शकुंतला सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं की संगठनात्मक शक्ति और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। वक्ताओं ने मातृशक्ति की भूमिका को सशक्त बनाने पर जोर दिया और संगठन की भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही पथ संचलन के दौरान बलरामपुर पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस बल ने पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिसके लिए आयोजन समिति ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन धार्मिक आस्था और मातृशक्ति के प्रतीक के साथ-साथ सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता का भी सशक्त संदेश देता है। नगरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी कर इस आयोजन को सफल बनाया।


