बलरामपुर में शिक्षक फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए:6 विकासखंडों में चुनाव पूरा; पहाड़ी कोरवा समुदाय से मिले राज्यपाल रमेन डेका

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्षों का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। रविवार (5 अक्टूबर) को जिले के सभी छह विकासखंडों में अध्यक्षों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। बलरामपुर विकासखंड से छत्रधारी सिंह, वाड्रफनगर से मनोज जायसवाल, कुसमी से धीरज गुप्ता, रामचन्द्रपुर से अजीत कुमार गुप्ता, शंकरगढ़ से दुहन राम और राजपुर से लवंग साय राही को ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया है। इस चुनाव में पहली बार विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के पहाड़ी कोरवा समुदाय से लवंग साय राही को ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया है। इससे संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष देवनारायण गुप्ता ने बताया कि सभी पदों पर संवैधानिक प्रक्रिया के तहत योग्य और अनुभवी प्रतिनिधियों का चयन किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी समय में जिला अध्यक्ष पद का चुनाव निर्धारित प्रक्रिया अनुसार किया जाएगा, जिसके बाद पूर्ण कार्यकारिणी का गठन होगा। राज्यपाल रमेन डेका ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के घटगांव में पहाड़ी कोरवा समुदाय से संवाद किया। रविवार (5 अक्टूबर) को उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत संचालित योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की। राज्यपाल के आने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक कर्मा नृत्य और स्थानीय संस्कृति के प्रदर्शन से उनका आत्मीय स्वागत किया। डेका ने अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बांस हस्तशिल्प, वन औषधियां और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की जानकारी ली। इस अवसर पर राज्यपाल ने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, पोषण किट, स्वच्छता किट, ऋण पुस्तिका तथा महिला समूहों को चेक प्रदान किए।राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पहाड़ी कोरवा परिवारों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर मुख्यधारा में लाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के आजीविका संवर्धन में उनके योगदान की सराहना की और अधिक महिलाओं को समूह से जुड़ने का आह्वान किया। सांसद चिंतामणि महाराज ने बताया कि जनमन योजना के माध्यम से कोरवा परिवारों को सड़क, आधार कार्ड, बैंक खाता, आवास, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले की 150 कोरवा महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बताया कि जिले में 5,070 पहाड़ी कोरवा परिवार निवास करते हैं। घटगांव में 171 परिवारों को आवास, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल और 1,229 घरों को विद्युतीकरण से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 375 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति भी मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *