बलरामपुर में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन:कलेक्टर आवास से स्कूल मैदान तक दौड़े अधिकारी-कर्मचारी समेत छात्र, बाइक रैली में यातायात नियमों पर दिया गया जोर

बलरामपुर में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 14 अगस्त को सुबह 7 बजे स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। कलेक्टर आवास से प्रारंभ हुई यह दौड़ नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में समाप्त हुई। इसके अलावा जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत बाइक रैली का आयोजन किया गया। कलेक्टर राजेंद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल ने हेलमेट पहनकर खुद बाइक चलाई और रैली का नेतृत्व किया। दौड़ में कलेक्टर-SP ने लिया हिस्सा स्वतंत्रता दौड़ में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानू प्रकाश दीक्षित, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल ने हिस्सा लिया। जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी की। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे जीवन के हर क्षेत्र में इसी उत्साह और समर्पण से काम करें। पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भानुप्रकाश दीक्षित ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। प्रतियोगिता में सभी वर्गों के विजेताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनामिका सिंह ने बताया कि वह पहले भी संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। कलेक्टर ने बाइक रैली में यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर हर घर तिरंगा अभियान के तहत बाइक रैली संयुक्त जिला कार्यालय से शुरू हुई। रैली चांदो चौक और बस स्टैंड होते हुए वनमंडलाधिकारी कार्यालय तक पहुंची। वहां संक्षिप्त समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने नशामुक्ति का संकल्प दिलाते हुए नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। रैली की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग ने विशेष व्यवस्था की थी। स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की थी। हर घर तिरंगा अभियान में गांव और शहरों के लोग उत्साह से भाग ले रहे हैं। बच्चे और बुजुर्ग हाथों में तिरंगा लेकर कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जा रहा है। रामानुजगंज में कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था ​​​​​​​ रामानुजगंज में श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में कावरिया सेवा समिति ने नगरवासियों के सहयोग से 24 घंटे भोजन और विश्राम की निःशुल्क सुविधा प्रदान की। 35 दिनों तक चले इस सेवा कार्य में देवघर बैद्यनाथ धाम, महाकालेश्वर उज्जैन, पशुपतिनाथ और सोमनाथ जा रहे यात्रियों ने लाभ उठाया। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से आए तीर्थयात्रियों ने स्थानीय लोगों की सेवा भावना की सराहना की।सेवा कार्य के समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष और कावरिया सेवा समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सभी सेवादारों का सम्मान किया गया। अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की संतुष्टि और उनका स्नेह रामानुजगंज के लिए गौरव की बात है। समिति ने अगले साल भी इसी तरह सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और कांवरिया सेवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *