बलांगीर में चक्काजाम से थम गई शहर की रफ्तार, बाजार से दफ्तर तक पसरा सन्नाटा

भास्कर न्यूज| बलांगीर धान खरीदी में अव्यवस्था और टाटा कंपनी की मनमानी के खिलाफ ओडिशा नवनिर्माण कृषक संगठन द्वारा आहूत ओडिशा बंद का बलांगीर में व्यापक असर देखने को मिला। किसानों के इस आक्रोश के आगे आज शहर पूरी तरह थम गया और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताले लटके नजर आए। सुबह से ही बंद का असर दिखने लगा था। शहर के मुख्य बाजार, होटल, बैंक, पेट्रोल पंप और सिनेमा हॉल पूरी तरह बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। किसानों के इस आह्वान को स्थानीय व्यापारिक संघों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का भी भरपूर समर्थन मिला। जिलापाल कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे कृषक नेता आकाश मिश्रा ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जनवरी खत्म होने को है, लेकिन मंडियों में किसानों का धान खुले आसमान के नीचे पड़ा है। टोकन व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। एक ओर खाद्य आपूर्ति मंत्री 150 क्विंटल से अधिक धान खरीदने से मना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार पूरा धान खरीदने का दावा कर रही है। किसान असमंजस में है कि सच क्या है। किसान अभी तक खरीफ का धान नहीं बेच पाया है, जबकि रबी की बुवाई का समय आ गया है। ऊपर से गाड़ियों के प्रदूषण सर्टिफिकेट के नाम पर अवैध वसूली और टाटा कंपनी की मनमानी ने किसानों की कमर तोड़ दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *