भास्कर न्यूज | सरायकेला आजसू पार्टी के सरायकेला- खरसावां जिला के कार्यकारी िजलाध्यक्ष सह संयोजक राम रतन महतो ने कहा कि आजसू पार्टी 22 जून को बलिदान दिवस के रूप में मनाएगी। ये कार्यक्रम हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम खेल गांव रांची में होगी। इस कार्यक्रम में पूरे झारखंड प्रदेश से आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होगा। इसमें सरायकेला-खरसावां जिले के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस को पार्टी बलिदान दिवस के रूप में मनाएगी। अलग राज्य के आंदोलन में आजसू के नौजवानों की कुर्बानी की बदौलत झारखंड अलग राज्य बना। आंदोलन काल में आजसू के नौजवानों ने अपना बलिदान दिया घर-बार छोड़े, अपना सर्टिफिकेट जलाया, आर्थिक नाकेबंदी की, तब जाकर सरकार ने अलग राज्य बनाने की मांग को स्वीकार किया। बलिदान दिवस के अवसर पर आजसू के संघर्ष के इतिहास का बोध कार्यकर्ताओं को कराया जाएगा। साथ ही वर्तमान झारखंड सरकार के कार्यकाल की समीक्षा की जाएगी।


